बालोतरा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने “कालिका पेट्रोलिंग यूनिट” का गठन किया है। इस विशेष यूनिट का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों पर महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छींटाकशी और अन्य अप्रिय घटनाओं की रोकथाम करना है। इस पहल से महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कार्यप्रणाली
हरी शंकर आईपीएस, पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा के अनुसार, राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इस यूनिट का गठन किया गया है। गोपाल सिंह भाटी आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा के पर्यवेक्षण में कार्यरत इस यूनिट की प्रभारी गीता कुमारी होंगी। इस विशेष दल में चार महिला कांस्टेबलों को नियुक्त किया गया है, जो दो पारियों में कार्य करेंगी।

यह यूनिट शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे स्कूल, कॉलेज, बाजार, धार्मिक स्थल, मॉल, पार्क, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सक्रिय रूप से गश्त करेगी। छेड़छाड़, छींटाकशी, चैन स्नैचिंग और महिलाओं के विरुद्ध अन्य अपराधों पर यह टीम कड़ी नजर रखेगी।
अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई
यदि किसी महिला या बालिका द्वारा अपराध या छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई जाती है, या गश्ती दल के संज्ञान में कोई ऐसी घटना आती है, तो महिला पुलिसकर्मी तुरंत कार्रवाई करेंगी। आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस कंट्रोल रूम अथवा निकटतम पुलिस थाना से सहायता प्राप्त कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का उद्देश्य केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ाना है। इस यूनिट की पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित करेंगी और उन्हें आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करेंगी।
सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम
इस नवगठित कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के गठन से बालोतरा में महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। यह पहल न केवल अपराधों पर अंकुश लगाएगी, बल्कि महिलाओं को निर्भीक वातावरण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।
अब बालोतरा में मनचलों की खैर नहीं, क्योंकि “कालिका पेट्रोलिंग यूनिट” एक बटन दबाते ही अपराधियों को हवालात भेजेगी।
महिला हेल्पलाइन और सहायता संसाधन
किसी भी महिला/बालिका के साथ छेड़छाड़, छींटाकशी, चैन स्नैचिंग या अन्य अप्रिय घटना घटित होने पर त्वरित कार्यवाही के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:
- महिला हेल्पलाइन नंबर: 1090
- पुलिस कंट्रोल रूम बालोतरा हेल्पलाइन नंबर: 02988-220010
- व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर: 9530438083
राजस्थान पुलिस की नई पहल: राज कॉप सिटीजन ऐप
राजस्थान में महिला सुरक्षा को लेकर एक नया कदम उठाया गया है। पुलिस द्वारा एक सुरक्षा ऐप उपलब्ध करवाया गया है, जिसकी मदद से स्कूल, कॉलेज, बाजार या भीड़-भाड़ वाले जगहों पर लड़कियों और महिलाओं के साथ मनचलों द्वारा छेड़छाड़ करने पर तत्काल कालिका पुलिस कहर बनकर टूट पड़ेगी और उनको तत्काल सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही अपराधियों को जेल की हवा खिलाएगी।
बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा राज कॉप सिटीजन ऐप (Rajcop Citizen App) शुरू किया गया है। इसके जरिए पढ़ने वाली छात्राएं और महिलाएं सुरक्षित रहेंगी। इसी के तहत जिले में कालिका पेट्रोलिंग पुलिस यूनिट संचालित की गई है, जो कि महिलाओं और छात्राओं को ऐप डाउनलोड करने और उसकी उपयोगिता की जानकारी दे रही है।
अब महिलाएं और छात्राएं इस ऐप की मदद से किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में पुलिस से त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।