बालोतरा के समदड़ी रोड पर गुरुवार शाम पैसों की लेन देन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ पड़े। दोनों ने एक-दूसरे पर तलवार से वार किया। इससे दो लोग चोटिल हुए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए नाहटा चिकित्सालय में भर्ती करवाया। दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम 6 बजे समदड़ी रोड पुलिया के पास पैसों की लेन देन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों की ओर से मौजूद लोगों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की और तलवार से वार किए। हमले में अरविंद सिंह राजपुरोहित तथा सुरेश सिंह राजपुरोहित के सिर व हाथों पर चोटें आई। व्यस्त मार्ग पर मारपीट की घटना पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों की अधिक भीड़ देख हमलावर मौके से भाग छूटे।

मौजूद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। कुछ समय बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय नाहटा चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती करवाया। वहीं मारपीट की इस घटना में उपयोग में ली गई तलवारों को जब्त कर लिया। पुलिस हमलावरों की खोजबीन में जुटी हुई है।









